सोनभद्र जिले से सटे मध्य प्रदेश के सिंगरौली के चितरंगी क्षेत्र के सूदा गांव के नाले में डूबने से गुरुवार की शाम तीन सगे मासूम भाइयों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। माता-पिता सहित परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
सूूूदा गांव के रहवासी रामविलास बैगा के घर के नजदीक नाला है।बारिश से नाले में पानी भर गया। इसी नाले में मुकेश बैगा (7), नीलेश बैगा (5) व सुरेश बैगा (3) खेल खेल में नहाने उतरे और कीचड़ में फंस कर नाले के पानी में डूब गए। परिजनों को जब बच्चे नहीं दिखे तो उन्हें आसपास ढूंढ़ने लगे। घर वाले जब लोग नाले के पास पहुंचे तो तीनों बच्चे नाले में ही डूबे थे।
परिजनों ने इसकी सूचना चितरंगी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को नाले से बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। चितरंगी थाना प्रभारी जबर सिंह ने बताया कि घटना अपराह्न में किसी समय हुई। शाम को सभी मासूमों के शवों निकलवाया जा सका। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के बाद घटना से पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।