जिले में विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे पुलिस का अराजक तत्वों, संदिग्धों पर शिकंजा तेज होता जा रहा है। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थानों से भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर जिले में साढ़े 24 हजार लोगों को शांति भंग की आशंका के तहत नोटिस भेजा गया है। इसमें से 13 हजार लोगों ने संबंधित एसडीएम के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखा है। इन लोगों को एसडीएम ने 1.30 अरब के बांड पर पाबंद किया है। पाबंद हुए व्यक्ति अगर विवाद करेंगे तो उनसे धनराशि वसूल की जाएगी। जेल से छूटे आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को शपथ पत्र देने का निर्देश दिया है लेकिन अभी तक गिने-चुने लोगों ने ही शपथ पत्र दिया है। शीघ्र शपथ पत्र न देने वालों पर पुलिस का शिकंजा कसेगा।
जिले में सात मार्च को मतदान और दस मार्च को वोटों की गिनती होगी। दस फरवरी से ही नामांकन पत्रों के क्रय करने और जमा करने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं चुनाव में भाग्य आजमाने वालों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। शहर से लेकर गांव तक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे इसे लेकर पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को हल्का दारोगाओं और बीट के सिपाहियों से चुनाव में खलल पैदा करने वाले व्यक्तियों को चिह्नित करते हुए उन्हें अधिक से अधिक धनराशि से पाबंद कराने का निर्देश दिया है। चुनाव सेल से मिली जानकारी के अनुसार एक अक्तूबर 2021 से 14 फरवरी 2022 तक राबर्ट्सगंज, दुद्धी, ओबरा और घोरावल एसडीएम ने थानों की ओर से अराजक तत्वों के खिलाफ भेजी गई रिपोर्ट का अवलोकन कर करीब 13096 लोगों को एक-एक लाख रुपये से पाबंद किया है। सभी थाना और चौकी प्रभारियों ने अब तक 24446 लोगों के खिलाफ 107/16 की कार्रवाई की है।
विधानसभा चुनाव को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अलर्ट है। पुलिस अवैध मादक पदार्थों का कारोबार करने वालों को पकडने के साथ ही अराजक तत्वों को पाबंद कराने में जुटी है। चुनाव में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -अमरेंद्र प्रसाद सिंह, एसपी।