राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में चोरी घटनाओं में इजाफा होने लगा है। बुधवार की रात चोरों ने अलग-अलग गांवों में दो मकानों को निशाना बनाते हुए दो लाख रुपये से अधिक नकद और सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। बृहस्पतिवार की अलसुबह जब गृह स्वामियों की नींद टूटी तो उन्हें जानकारी हुई। पीड़ितों ने तहरीर दे दी है।
राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के परासी गांव निवासी ब्रजराज देव पांडेय ने तहरीर देकर अवगत कराया कि बुधवार की रात अज्ञात चारों ने मकान की छत के रास्ते आंगन में उतरकर जिस कमरे में लोग सो रहे थे उसका बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद जिस कमरे में ताला बंद था उसे तोड़ कर अंदर रखे 40 हजार नकद और पूरे परिवार का सोने-चांदी का आभूषण चुराकर फरार हो गए। उधर ओरगाई गांव निवासी अभय कुमार पांडेय ने तहरीर देकर बताया है कि बीती रात चोर उनके मकान में घुसकर रुपये, आभूषण से भरा बैग उठा ले गए। बृहस्पतिवार की सुबह परिवार के लोगों की नींद खुली तो मकान के पीछे का दरवाजा खुला था और मकान के कुछ दूरी पर बाक्स, बैग फेंका हुआ था। उन्होंने बताया कि चोर एक लाख 75 हजार नकद, सोन और चांदी का आभूषण चुरा ले गए हैं। उधर घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दारोगा ने कहा कि पीड़ितों की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। देर रात तक पुलिस चोरों की तलाश करने में जुटी रही लेकिन एक भी चोर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े थे।