अनपरा। क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों में आक्रोश है। इस पर शुक्रवार को अपराह्न में व्यापारियों और पुलिस के मध्य अनपरा थाने में बैठक हुई। जिसमें बिना लाइसेंस के चल रही कबाड़ की दुकानों को चिह्नित कर कार्रवाई करने की मांग उठी। पुलिस ने व्यापारियों व नागरिकों को आश्वस्त किया कि चोरी की घटनाओं पर जल्द ही अंकुश लगाया जायेगा।
व्यापारियों का कहना था कि अनपरा बाजार में एक कबाड़ माफिया द्वारा समूचे अनपरा क्षेत्र में चार कबाड़ की दुकान को संचालित किया जा रहा है। जिससे क्षेत्र में चोरियों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण कबाड़, डीजल व कोयला की चोरी यहां आम बात है, लेकिन जब नागरिकों की गाढ़ी कमाई पर चोर नजर डालने लगे हैं तो कष्ट होना लाजिमी है। अब तक के अपराधों पर यदि गौर किया जाये तो सामूहिक बलात्कार का मामला हो या लोगों के साथ छेड़खानी, लूटपाट या बड़ी चोरी सभी मामलों में कबाड़ चोर ही घटना को अंजाम दिये हैं। आलम यह है कि अनपरा के आस्था का केन्द्र झिंगुरदह हनुमान मंदिर कबाड़ चोरों का अड्डा बन गया है। आये दिन छिनैती की घटनायें आम बात हो गयी हैं। कबाड़ चोर एक लाइसेंस पर कई-कई दुकानों का चला रहे है। क्षेत्र में हेरोइनबाजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पुलिस शिकायत दर्ज करने की बजाय पीड़ितों को ही धमका रही है। जिससे स्थानीय आम जनमानस में रोष व्याप्त है। अध्यक्षता कर रहे पिपरी क्षेत्राधिकारी राहुल मिश्रा ने व्यापारियों की बातों को ध्यान से सुना और उसके निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस की चल रही कबाड़ दुकानों को चिह्नित कर जल्द कार्रवाई की जायेगी। इस मौके पर कोतवाल शैलेष राय, अनपरा व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास गोयल, गोपाल प्रसाद गुप्ता, कुलडोमरी जिला पंचायत सदस्य बालकेश्वर सिंह, कुंदन सिंह, सुल्तान शहरयार खान व राजेश गोयल उपस्थित थे।