यूजीसी के नए संशोधनों के विरोध में सवर्ण आर्मी भारत के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे संगठन के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार शुक्ला ने कहा कि यूजीसी के प्रस्तावित संशोधन एकतरफा हैं, जिनमें सामान्य वर्ग के छात्रों, शिक्षकों और अभ्यर्थियों के अधिकारों की अनदेखी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे नियम शिक्षा व्यवस्था में असंतुलन पैदा करने वाले हैं, जिन्हें किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने मांग की कि यूजीसी की सभी नीतियों और नियमों में सामान्य वर्ग का समुचित समावेश सुनिश्चित किया जाए। आरक्षण और विशेष प्रावधानों के दुरुपयोग पर सख्त रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। चेतावनी दी कि अगर केंद्र सरकार ने शीघ्र ही यूजीसी संशोधनों में सुधार नहीं किया तो संगठन बड़े स्तर तक आंदोलन करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी वर्ग विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि समान अधिकार और समान अवसर की लड़ाई है। इस मौके पर जिला संयोजक अखिलेश पांडेय, संतोष कुमार पांडेय, शुभम चौबे, कृष्णदयाल पांडेय, अंकित शुक्ला, आकाश, मनीष, सत्यम, धीरज आदि मौजूद रहे।