अनपरा। रायपुर छत्तीसगढ़ से सरिया लादकर सीधी जा रहा एक ट्रक मंजिल पर पहुंचने से पहले ही रास्ते से गायब हो गया जिसे सीधी पुलिस ने अनपरा थाना क्षेत्र के बैरपान से खलासी के साथ धर दबोचा। पुलिस ने सरिया खरीदने वाले डिबुलगंज निवासी एक युवक को भी चोरी का सामान खरीदने के आरोप में जेल भेज दिया।
दो अगस्त को रायपुर छत्तीसगढ़ से सरिया लेकर एक ट्रक सीधी के लिए चला जिसमें 12 लाख सात हजार रुपये का लोहे का सरिया लदा था। पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती आवेदन में व्यापारी संघ अध्यक्ष लालचंद गुप्ता ने बताया कि रक्षाबंधन की छुट्टी होने के कारण बंजारी में पेट्रोल पंप पर चालक प्रवेश यादव ट्रक को खड़ा कर अपने घर जोगी पहाड़ी चला गया। इस दौरान डडौर मझौली निवासी खलासी राजेश यादव गाड़ी की रखवाली कर रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी राजेश यादव दो अगस्त को रात लगभग नौ बजे पेट्रोल पंप से डीजल क्रय करने के बाद सरिया से लदा ट्रक लेकर गायब हो गया। तीन अगस्त को अशोक कामदार ने जमोडी थाना में शिकायत दर्ज कराया कि उनका सरिया लदा ट्रक खलासी लेकर फरार हो गया है। जमोड़ी पुलिस चौकी इंचार्ज तरूण कुमार बिंद ने टोल प्लाजा व पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी की मदद से सुरागकशी करते हुए अनपरा थाना क्षेत्र के बैरपान पहुंचे जहां बैरपान में एक ढाबा पर लावारिश हालत में ट्रक खड़ा था। अगल-बगल पूछताछ करने पर पता चला कि ट्रक में लदा 10 क्विटंल सरिया डिबुलगंज निवासी संतोष जायसवाल ने खरीदा है। खरीद बिक्री में ढाबा मालिक, खलासी राजेश यादव व एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर सरिया खरीदने वाले डिबुलगंज निवासी संतोष जायसवाल व गणेश सेन को शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जीपीएस बंद कर घटना को दिया अंजाम
अनपरा। ट्रक मालिक दिनेश द्विवेदी ने बताया कि आरोपी खलासी ने ट्रक के जीपीएस को बंद कर ट्रक लेकर भागा था। उक्त ट्रक का जीपीएस रास्ते में कुछ दूर तक ही चालू था। इसके बाद खलासी के द्वारा बंद कर दिया गया है जिससे ट्रक को ट्रेस करने मे पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना को लेकर व्यापारी संघ के अध्यक्ष लाल चन्द गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग की है।