म्योरपुर हवाई अड्डे के विस्तार को लेकर सर्वे का काम करती राजस्व कर्मियों की टीम
- फोटो : SONBHADRA
म्योरपुर। निर्माणाधीन म्योरपुर हवाईअड्डे के और विस्तार को लेकर रविवार को लेखपालों की एक टीम ने सर्वे का काम शुरू कर दिया। इस दौरान जमीन अधिग्रहण और इससे प्रभावित होने वालों की सूची भी तैयार की गई।
लेखपालों की टीम ने कुंडाडीह, म्योरपुर और हरहोरी गांव में हवाई अड्डे के विस्तार को लेकर जमीनों की पैमाइश की गई। इसके अलावा उन्होंने इस दायरे में आ रहे प्रभावितों की सूची भी तैयार की। सूत्रों की माने तो उड्डयन विभाग द्वारा एक सर्वे के तहत यहां से बड़ी उड़ानों की भी संभावना जताई गई है। बड़े विमानों और बड़े स्थान दिल्ली, चेन्नई, मुंबई और कोलकाता की उड़ानों को यहां से शुरू किया जा सकता है। कहा जा रहा है कि बड़े स्थानों की कनेक्टिविटी के लिए चलाए जाने वाले जहाजों के लिए सारी व्यवस्थाएं और वृहद स्तर पर करनी होगी। इसे लेकर ही सर्वे का काम किया जा रहा है। आने वाले दिन में क्या होगा शासन स्तर पर निर्भर करेगा। वर्तमान में रनवे की लंबाई 1100 मीटर बढ़ाई जा सकती है। इसके अलावा चौड़ाई भी 90 मीटर और अधिक की जाएगी। ऐसे में टर्मिनल बिल्डिंग को भी प्रभावित किया जा सकता है। यही नहीं, कहा जा रहा है कि हरहोरी विद्यालय तक रनवे की लंबाई बढ़ाई जाएगी। इस संबंध में एसडीएम रमेश कुमार ने कहा कि विस्तार की संभावनाओं को लेकर सर्वे का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा यह शासन स्तर पर तय होगा। उन्होंने सर्वे रिपोर्ट जल्द तैयार कर भेजने की बात कही है।