सोनभद्र। जिले के 29 अस्पतालों में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें 1803 मरीजों की जांच की गई और उन्हें दवाएं दी गईं।
राबर्ट्सगंज में सीएमओ कार्यालय परिसर स्थित अर्बन हेल्थ सेंटर में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इसमें तैनात चिकित्सक ने मरीजों की जांच कर उन्हें दवाएं वितरित की। डाला प्रतिनिधि के अनुसार गुरमुरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। इसमें 26 मरीजों का नि:शुल्क परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं दी गईं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुरमुरा में लगे मुख्यमंत्री स्वास्थ्य मेला में क्षेत्र के दूर दराज स्थित गांव कुम्हिया, कैम्हापान, पटिहवा, गौराही, छिकड़ा डांड, परासपानी, गुरमुरा, मालोघाट, अबाड़ी, रानीताली आदि जगहों से आये महिलाओं-पुरुषों को जांच कर मुफ्त दवा वितरित की गई। यहां पहुंचने वालों में अधिकांश पेट, चर्मरोग, सांस, टीबी, आंख के मरीजों की जांच हुई। केंद्र के मुख्य चिकित्सक सुनील कुमार ने बताया कि 26 मरीजों का परीक्षण किया गया। यहां चिकित्साधिकारी सुनील कुमार, निशात बानो, आयुर्वेद चिकित्सक अपूर्व प्रियदर्शी, पशुपतिनाथ उपाध्याय, सतेंद्र सिंह, सरोज, हेमलता, रामनिरंजन, कमला शंकर आदि मौजूद रहे।