गत दिनों क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण म्योरपुर ब्लॉक के जोगेंद्रा गांव के निर्माणाधीन खेल स्टेडियम में जल-जभराव के कारण बाउंड्री में कई जगह दरारें पड़ गईं। ग्राम प्रधान की ओर से स्टेडियम परिसर में मिट्टी भराव कराया जा रहा है।
जोगेंद्रा गांव के धुर्वाह में हाईस्कूल के पीछे ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण मनरेगा से कराया जा रहा है। हाल ही में अभी बाउंड्री बनकर तैयार हुई है। बाउंड्री के अंदर समतलीकरण के साथ जाली लगाने का कार्य चल रहा था। इस बीच गत रविवार को मूसलाधार बारिश हुई। स्टेडियम के अंदर जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई थी। इस कारण पानी मिट्टी के साथ स्टेडियम के पिछले हिस्से में इकट्ठा हो गया और पिछली बाउंड्री खिसक गई।