जाति के आधार पर आरक्षण समाप्त कर आर्थिक आधार पर आरक्षण देने की मांग को लेकर मंगलवार को भारत बंद का जिले में मिला जुला असर रहा। वहीं आरक्षण समाप्त करने वाले समर्थकों ने जगह-जगह जुलूस निकाल कर मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। राबर्ट्सगंज नगर में आरक्षण हटाओ, देश बचाओ समिति के बैनर तले लोगों ने प्रदर्शन किया। समर्थकों ने तहसीलदार नंदलाल सिंह को प्रधानमंत्री के नाम मांगपत्र सौंपा। उधर ओबरा में भी भारत बंद का नगर में मिला जुला असर रहा।
राबटर्सगंज के चाचा नेहरू पार्क से आरक्षण हटाओ, देश बचाओ समिति के बैनर तले लोगों ने जुलूस निकाला। मेन चौक, गुरुद्धारा, महिला थाना समेत अन्य मार्गों से होते हुए जुलूस तहसील पहुंच कर सभा में तब्दील हो गया। आर्थिक आधार पर आरक्षण देने की मांग करने वालों ने दुकानों को भी बंद कराया। आंदोलन के आयोजक राजनरायन मिश्रा और धीरज पांडेय ने कहा कि गरीबी जाति देखकर नहीं आती है।
हर समाज में गरीब हैं, इसलिए अब संविधान में संशोधन कर आर्थिक आधार पर आरक्षण देने की व्यवस्था लागू करने का वक्त आ गया है। वर्तमान आरक्षण व्यवस्था मात्र दस वर्षों के लिए ही की गई थी, लेकिन उस वक्त के स्थिति परिस्थितियों के अनुसार दस-दस वर्ष के लिए आगे बढ़ता चला गया।
प्रभात सिंह चंदेल, अभिषेक चौबे व प्रेम प्रकाश राय ने कहा देश के राष्ट्रपति, लोक सभा स्पीकर, उप प्रधानमंत्री समेत कई प्रदेशों के मुख्यमंत्री तक कह चुके है कि संपन्न आरक्षित जातियों द्वारा आरक्षण का लाभ लिया जा रहा है। इसलिए आर्थिक आधार पर आरक्षण व्यवस्था लागू की जाए। मृणाल सिंह, हरिओम मिश्रा, अंकित सिंह राठौर ने कहा कि जातिगत आरक्षण का लाभ गरीबो को नही मिल रहा। विवेक त्रिपाठी, अनुराग चौबे, आकाश, सोनू, धर्मेंद्र सिंह, आवेश त्रिपाठी, आयुष सिंह, ऋषभ चौबे, संतोष भारती, गंगाधर श्रीवास्तव, जितेंद्र पांडेय, विकास केशरी, अवधेश चौबे, सतेंद्र, आजाद, सुधाकर महेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे। उधर, जन अधिकार पार्टी के जिलाध्यक्ष भागीरथी मौर्य ने कहा कि आरक्षण का विरोध करने वालों का भारत बंद पूरी तरह से नाकाम रहा है। कहा कि आरक्षण कोई भीख नहीं है, ओबीसी, एससी व एसटी का मौलिक अधिकार है।
ओबरा ः भारत बंद का नगर में मिला जुला असर रहा। शाश्वत मंच संयोजक श्यामजी मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाजार बंद कराया। साप्ताहिक बंदी होने की वजह से भी ज्यादातर दुकानें पहले से बंद थीं। कार्यकर्ताओं ने समर्थन में नारेबाजी भी किया। विपुल शुक्ला, रवि गौंड़, टिंकू मिश्रा, सोनू खरवार, आशिफ, आलोक पांडेय, पुष्पेंद्र मिश्रा, अंकित मिश्रा, मोनू, रवि द्विवेदी रहे।