सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में दूसरे धर्म की विवाहिता को शादी का झांसा देकर घर से भगाने और यौन शोषण के बाद छोड़ने का मामला सामने आया है। युवक पर चोरी छिपे दूसरी युवती से शादी करने का भी आरोप है। पीड़िता रविवार को अपने प्रेमी के घर पहुंची, वहां उसकी पिटाई की गई है। पुलिस जांच में जुटी है।
एसपी को संबोधित प्रार्थना पत्र में राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी एक विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी मिर्जापुर जिले में हुई थी। उसे दो बच्चे हैं। इस बीच उसका गांव के ही दूसरे धर्म के युवक से संबंध हो गया। वह उसे भगा ले गया। शादी का झांसा देकर करमा थाना क्षेत्र के एक बाजार में यौन शोषण करता रहा। बहन की शादी कराने के बाद खुद शादी करने का आश्वासन देता था। उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। इस बीच आरोपी ने दूसरी युवती से शादी कर ली और उसे छोड़कर भाग गया।
पीड़िता का आरोप है कि वह कई बार करमा थाने, हिन्दुआरी चौकी और राबर्ट्सगंज कोतवाली गई मगर सुनवाई नहीं हुई। रविवार को पीड़िता युवक के घरपहुंची। वहां युवक नहीं मिला। पीड़िता ने जब घर में जाने का प्रयास किया, तो युवक की मां और दो बहनों ने उसकी पिटाई की। सूचना पर पुलिस जांच में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक करमा राजेश सिंह ने बताया कि जांच और कार्रवाई की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक राबर्ट्सगंज सतेंद्र राय ने बताया कि मामले में मारपीट की तहरीर नहीं दी गई है। पूर्व में प्राप्त प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई जारी है। जांच में जो तथ्य मिलेंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।