संयुक्त मोर्चा ने ज्ञापन देकर किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
अनपरा। जेबीसीसीआई-12 के गठन और 12वें राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौते की प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग को लेकर एटक, एचएमएस, इंटक एवं सीटू संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में एनसीएल ककरी परियोजना में जुलूस निकाला। आवासीय परिसर से भ्रमण करते हुए महाप्रबंधक कार्यालय के मुख्य द्वार तक श्रमिक जुलूस के रूप में पहुंचे। वहां गेट मीटिंग, प्रदर्शन व नारेबाजी के साथ मांगों को लेकर ज्ञापन दिया।
वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौते की अवधि 30 जून 2026 को समाप्त हो चुकी है, लेकिन अब तक ज्वाइंट बाइपटाइट कमेटी फॉर द कोल इंडस्ट्री का गठन तक नहीं किया गया है। प्रबंधन की इस उदासीनता एवं अनावश्यक विलंब के कारण लाखों कोयला कर्मियों में गहरा असंतोष व्याप्त है। यह स्थिति औद्योगिक संबंधों की स्वस्थ परंपरा के विपरीत होने के साथ-साथ श्रमिकों के वैधानिक एवं न्यायोचित अधिकारों की भी उपेक्षा है। संगठनों ने तत्काल जेबीसीसीआई-12 का गठन करने, 12वें राष्ट्रीय वेतन समझौते की वार्ता प्रारंभ करने तथा श्रमिकों के लंबित वेतन समझौते को बिना किसी विलंब के लागू करने की मांग की। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की। सभा की अध्यक्षता सीएमएस के अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर सीएलयू महामंत्री अजय कुमार, केएसएस के अशोक कुमार पांडेय, सीएलयू के पीएस पांडेय आदि मौजूद रहे।
एनसीएल ककरी कार्यालय पर प्रदर्शन करते संयुक्त मोर्चा के लोग। स्रोत जागरूक पाठक