पैदावार बढ़ाने और मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से कृषि विभाग की ओर से मिट्टी की सेहत की जांच कराई जाएगी। इसके लिए सोमवार से जिले में मृदा परीक्षण मेगा अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत जिले भर में 14 हजार मिट्टी के नमूने लिए जाएंगें।
मिट्टी के 16 आवश्यक पोषक तत्वों की जांच कर किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए जाएंगे। उप निदेशक कृषि ने बताया कि पौधों को बेहतर वृद्धि के लिए कार्बन, हाइड्रोजन, ऑक्सीजन, नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश, कैल्शियम, मैग्नीशियम समेत 16 पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है।
जिले की कई कृषि भूमि में इन तत्वों की कमी देखी गई है, जिससे पैदावार प्रभावित हो रही है। इस अभियान के तहत जिले के हर विकास खंड से मिट्टी के नमूने लिए जाएंगे और प्रयोगशाला में परीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
बताया कि प्रत्येक ब्लॉक को 1400 मिट्टी के नमूने संग्रहित करने के लिए लक्ष्य दिया गया है। जनपद सोनभद्र में कुल 14 हजार मिट्टी के नमूने संग्रहित किया जाना है। इसके लिए 55 कर्मचारी लगाए गए हैं।
मिट्टी के नमूनों की प्रयोगशाला में परीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने के बाद संबंधित किसानों में मृदा स्वास्थ्य कार्ड दिया जाएगा। इसके साथ ही किसानों को बताया जाएगा कि उनके खेत में किस पोषक तत्वों की आवश्यकता है और कौन से उर्वरक डालने की जरूरत है। किसान स्वयं भी अपने खेत के मिट्टी की सेहत की जांच करा सकते हैं।
जिले में मिट्टी के 14 हजार नमूने लिए जाने हैं। नमूनों की प्रयोगशाला में परीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने के बाद संबंधित किसानों में मृदा स्वास्थ्य कार्ड दिया जाएगा। इसके लिए 55 कर्मचारी लगाए गए हैं।
- जयप्रकाश, उप निदेशक कृषि-सोनभद्र।