अनपरा। राज्य विद्युत उत्पादन निगम की 2630 मेगावाट की अनपरा तापीय परियोजना की ओवरहालिंग के लिए बंद 210 मेगावाट की पहली इकाई को उत्पादनरत होने में अभी और समय लगने की उम्मीद जताई गई है।
अनपरा तापीय परियोजना के सीजीएम इं. दीपक कुमार ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले लंबे समय बाद ओवरहालिंग के लिए बंद हुई 210 मेगावाट की पहली इकाई चालू होने में अभी एक सप्ताह का समय और लग सकता है। ओवरहालिंग के दौरान कुछ सामान की अनुपलब्धता के कारण तय समय पर इस इकाई को उत्पादनरत नहीं किया जा सका है। जल्द ही इकाई को उत्पादनरत कर लिया जायेगा। इस दौरान अनपरा तापीय परियोजना की दूसरी व तीसरी इकाई से क्रमश: 141 व 143 मेगावाट विद्युत उत्पादन किया जा रहा था। 500 मेगावाट की चौथी व पांचवीं इकाई से 918 मेगावाट और अनपरा डी की छठीं इकाई से 477 मेगावाट का विद्युत उत्पादन किया जा रहा था। इस दौरान प्रदेश में बिजली की डिमांड 12251 मेगावाट बनी हुई थी।