बिजली समस्या के विरोध में प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : sonbhadra
करीब दो माह से विद्युत आपूर्ति ठप होने से नाराज नगवां ब्लॉक के बिजवार के ग्रामीणों ने बुधवार को विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और उन पर जनता की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। चेताया कि जल्द आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
बिजवार ग्राम पंचायत में 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा था। करीब दो माह पूर्व यह ट्रांसफार्मर जल गया था। विभाग के कर्मचारी मरम्मत के लिए उसे उसी दौरान वहां से ले गए लेकिन बाद में कोई नया ट्रांसफार्मर लगाकर यहां आपूर्ति नहीं बहाल की गई। इस पर ग्रामीणों ने अधिकारियों से शिकायत की तो विभाग ने मंगलवार को नया ट्रांसफार्मर लाकर वहां लगाया। लेकिन जैसे ही उसमें 11 हजार वोल्ट की सप्लाई दी गई, वह जल गया।
गांव के रामलाल श्रीवास्तव ने बताया कि नए ट्रांसफार्मर को जेई ने रामगढ़ तक सरकारी गाड़ी से भेजवाया और फिर वहां से अपने साधन से उसे ले जाने के लिए दबाव दिया। जब सरकारी गाड़ी के चालक को ही अलग से पैसा दिया गया तो उसने गांव में ट्रांसफार्मर पहुंचाया। प्रदर्शन कर रहे ओमप्रकाश, हरिहर का कहना था कि कई बार एक्सईएन को अवगत कराया जा चुका है कि गांव में कुछ लोग कटियामारी कर बिजली चोरी कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने गांव में नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में जय प्रकाश, इस्माइल, रामअवध गुप्ता, राजेश, गुड्डू, कादिर, पिंटू, लल्लू मौजूद रहे।