छाता लगाकर बच्चों को स्कूल ले जातीं महिलाएं।
- फोटो : sonbhadra
जनपद में पिछले 20 घंटे से हो रही बारिश से जीवन-अस्त व्यस्त हो गया है। जहां बारिश फसलों के लिए वरदान मानी जा रही है वहीं नगरीय क्षेत्रों में जल जमाव होने से लोगों की परेशानी का सबब भी बन गई है। सड़कों पर पानी जमा होने से राहगीरों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैैै। कई मकानों में पानी घुस गया हैै। जबकि जलस्तर बढ़ने से धंधरौल बांध के 23 फाटक में से 22 फाटकों को खोल दिया गया है।
जनपद में मंगलवार की रात एक बार फिर बारिश शुरू हो गई है। पूरी रात हुई बारिश बुधवार को भी लगातार जारी रही। बारिश के चलते अधिकांश बच्चे स्कूल नहीं गए। कई अभिभावक ने बच्चों को छाता लेकर स्कूल पहुंचाया। निरंतर बारिश होने से मौसम ठंड का एहसास कराने लगा है। राबर्ट्र्सगंज में नालियों की साफ-सफाई न होने से बढ़ौली, धर्मशाला चौक, चंडी तिराहे के समीप सड़क पर पानी एकत्र होने से पैदल-आने जाने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं अंबेडकर नगर, ब्रह्मनगर, दीप नगर, नई बस्ती, विकास नगर, कबिला बस्ती भी इससे प्रभ्ाावित रही।
चुर्क संवाददाता के मुताबिक, मूसलाधार बारिश से धंधरौल बांध का जलस्तर बढ़ गया है। बांध के कर्मचारी माया ने बताया कि बांध के जलस्तर को देखते हुए सुबह पांच बजे दस फाटक खोल दिए गए। इसके बावजूद पानी कम न होने पर साढ़े 11 बजे 12 और फाटक को खोला गया। पानी कम होने पर शाम करीब चार बजे दस फाटक बंद कर दिए गए। उन्होंने बताया कि बांध में पानी रोकने की क्षमता 32.5 फीट है। बांध के तटवर्ती इलाकों के रहवासियों को एलर्ट कर दिया गया।