कोन। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला छुहियामाटी में रविवार को मोबाइल चार्ज में लगाते समय करंट उतरने से युवक की मौत हो गई। करंट की चपेट से विकेश कुमार (30) की मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार को घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्घी ले गई।
रविवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे विकेश अपने मोबाइल को चार्ज करने के लिए बोर्ड में चार्जर लगा रहा था। उसी वक्त करंट की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया। इसकी जानकारी होने पर परिजन विकेश को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। विकेश की पत्नी और दो बेटी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद यादव ने बताया कि बोर्ड में करंट उतरने से विकेश की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम करवा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया। ग्रामीणों कि मानें तो घर में हाईवोल्टेज करंट आने से चार्जर लगाते समय घटना घटी। उन्होंने डीएम का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।