सोनभद्र। खराब मौसम की वजह से बृहस्पतिवार को गेहूं क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। बारिश की आशंका के कारण किसानों ने भी क्रय केंद्रों पर गेहूं लेकर पहुंचने से परहेज किया, इससे अधिकांश केंद्रों पर खरीद प्रभावित रहीं। मारकुंडी, जुगैल, बटबंतरा, सोढ़ा और शिवपुर समेत कई क्रय केंद्रों पर दिनभर खरीद शून्य रही। मौसम की अनिश्चितता के चलते किसानों ने अपने गेहूं को बारिश में भीगने से बचाने को प्राथमिकता दी। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक के निर्देश पर एडीसीओ रॉबर्ट्सगंज अवधेश कुमार सिंह ने गया रतवल और बटबंतरा गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान बटबंतरा केंद्र पर दो किसान राजकुमार और बुद्धिराम के गेहूं की तौल की गई। केंद्र पर अब तक 16 किसानों से लगभग 638 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। एडीसीओ ने केंद्र पर साफ-सफाई बनाए रखने और सड़क से केंद्र तक आने वाले ढाल मार्ग को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
केंद्र प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि बटबंतरा में अब तक 531 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। अवधेश कुमार सिंह ने निर्देशित किया कि क्रय नीति का पूरी पारदर्शिता के साथ पालन किया जाए। गुणवत्ता जांच के नाम पर किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। साथ ही उन्होंने किसानों से अपील किया कि वे बारिश के मद्देनजर अपने गेहूं की सुरक्षा के लिए समुचित इंतजाम करें। निरीक्षण के दौरान सचिव महेंद्र कुमार सिंह, प्रदीप सिंह, संजय पटेल और विनोद सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।