बभनी। स्थानीय थाना क्षेत्र के घसिया टोला के समीप शुक्रवार को अनियंत्रित बाइक सवार बिजली के खंभे से टकरा गया था। इस घटना में गंभीर रूप से घायल नितिश कुमार की इलाज के दौरान ट्रामा सेंटर वाराणसी में मौत हो गई।
चकसानी गांव के रहने वाले नंदलाल के पुत्र नितिश कुमार (17) शुक्रवार को बाइक से अपने घर से बभनी बाजार की ओर जा रहा था। घसिया टोला के पास बाइक अनियंत्रित होकर पास के बिजली के खंभे से जा टकराई और नितिश के सिर में गंभीर चोट आई। परिजन तत्काल घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने की वजह से उसे ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। परिवारवालों ने उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी ले जाकर भर्ती कराया। जहां उपचार चल रहा था। शनिवार को सुबह सात बजे अचानक हालत बिगड़ी और उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया।