सोनभद्र के राबर्ट्सगंज नगर के एक स्कूल में एक शिक्षक द्वारा बच्चियों के साथ छेड़खानी करने से नाराज लोगों ने मंगलवार को हंगामा किया। स्कूल परिसर में कुछ लोगों ने आरोपी शिक्षक से हाथापाई की। इसकी जानकारी होने पर स्कूल में पहुंची पुलिस ने नाराज लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद आरोपी शिक्षक को कोतवाली ले गई।
छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बता दें कि सुबह करीब आठ बजे राबर्ट्सगंज में स्थित एक निजी विद्यालय में कुछ लोगों ने पहुंच कर एक शिक्षक पर छात्राओं से छेड़खानी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगा। देखते ही देखते काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
उनका आरोप था कि सोमवार को एक शिक्षक ने नाबालिग कुछ बच्चियों के साथ छेड़खानी की। इसके पूर्व भी वह कइयों के साथ कर चुका है। कुछ अभिभावकों के शिकायत करने के बाद भी स्कूल प्रबंधन ने उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की। इस दौरान कुछ लोग आरोपी शिक्षक से हाथापाई करने लगे, इससे अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
इसकी सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ सिटी सीओ राजकुमार तिवारी, शहर कोतवाल मिथिलेश मिश्रा, महिला थानाध्यक्ष सरोजमा सिंह पहुंच कर नाराज लोगों को समझाने में जुट गए। इस दौरान आक्रोशित लोगों का कहना था कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
कोतवाल ने आरोपी को कोतवाली भेजने के साथ ही कहा कि अभिभावक जो तहरीर देंगे उसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। कोतवाली में पीड़ता बच्ची के पिता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
उधर, स्कूल बंद होने तक सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल के आसपास फोर्स तैनात रही। कोतवाल मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ छेड़खानी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उधर विद्यालय के प्रबंधक ने शिक्षक को हटाने की बात कही है।