राबर्ट्सगंज रेलवे क्रासिंग के समीप नवनिर्मित टीवी अस्पताल की दीवार में फंटे दरार।
प्रदेश सरकार जनता की सुविधाओं के लिए तरह-तरह की योजनाएं बना रही है लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही से सरकार की योजनाएं परवान नहीं चढ़ पा रही हैं। राबर्ट्सगंज के रेलवे स्टेशन के पास बन रहा टीबी अस्पताल इसका उदाहरण है। बजट के अभाव में इसका निर्माण रुक गया है। उद्घाटन से पहले ही इसकी दीवारों में दरारें पड़ गई हैं।
टीबी रोगियों के बेहतर उपचार के लिए शासन ने यहां टीबी अस्पताल बनवाने का निर्णय लिया। इसके लिए सरकार से बजट भी मिला। पहले तो इस अस्पताल के स्थल चयन को लेकर खींचातानी हुई। लेकिन बाद में राबर्ट्सगंज में रेलवे स्टेशन के पास स्थित खाद्य विभाग के गोदाम के बगल में अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू हुआ। आधा से ज्यादा कार्य होने के बाद अब इसका निर्माण बंद हो गया है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय सीमा का किसी ने ख्याल नहीं रखा। न तो अफसरों ने इस ओर निगाह दौड़ाई और न ही जनप्रतिनिधियों ने इस बारे में सोचा। नतीजा की निर्माण एजेंसी के ठेकेदार ने फंड न होने की बात कहकर काम रोक दिया।
करीब एक माह पहले ही ठेकेदार बिल्डिंग में ताला लगाकर चला गया। बिल्डिंग के निर्माण की गुड़वत्ता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अभी निर्माण कार्य पूर्ण भी नहीं हुआ और अस्पताल की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। उधर सीएमओ डा. यूके वर्मा का कहना है कि निर्माण कार्य पूर्ण कराने के लिए शासन से बजट मांगा गया है। दीवारों में दरार की जांच कराई जाएगी।