सोनभद्र। संक्रमण के दौर में गर्भवती का शारीरिक रूप के साथ ही मानसिक रूप से भी स्वस्थ रहना बहुत जरूरी है। क्योंकि गर्भ में पल रहे शिशु के लिए यह महत्वपूर्ण है। यह कहना है बनवासी सेवा आश्रम गोविंदपुर की प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ.विभा का।
उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस की चपेट में आने वालों को संक्रमण के दौरान और बाद में भी कई शारीरिक और मानसिक समस्याओं से गुजरना पड़ रहा है। ऐसे में उन महिलाओं की भी चिंता बढ़ना स्वाभाविक है, जो गर्भवती हैं। ऐसी महिलाओं को कोविड से डरने की नहीं, बल्कि लड़ने की जरूरत है। वह कोविड-19 को लेकर बिल्कुल भी मानसिक तनाव न लें बस स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें। बाहर से आने वाले किसी व्यक्ति के संपर्क में न आएं यदि बात करनी पड़े तो मास्क पहनने का विशेष ख्याल रखें। डॉक्टर विभा ने कहा कि गर्भवती को घर पर नियमित रूप से अपने हाथों की सफाई करते रहना चाहिए। अपने चिकित्सक से घर पर स्वच्छता के तौर तरीकों के बारे में जानकारी प्राप्त करनी चाहिए। हरी सब्जियां प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट सहित पर्याप्त मात्रा में पौष्टिक आहार का सेवन करना चाहिए। यदि महिलाएं गर्भावस्था को लेकर किसी भी तरह की चिंता में है तो फोन कर अपने क्षेत्र की आशा, एएनएम या प्रसूति रोग विशेषज्ञ से संपर्क कर सलाह ले सकती हैं।