जिला पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष और सदस्यों का शपथ ग्रहण 12 जुलाई को भव्य समारोह के बीच होगा। प्रदेश सरकार के कारागार राज्य मंत्री जयकुमार जैकी सहित कई दिग्गज नेता इसमें बतौर अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए रविवार को तैयारियां जोरों पर रहीं। पहली बार अध्यक्ष की कुर्सी पाने वाले अपना दल के झंडे का रंग हर तरफ छाया हुआ है। मंच से लेकर पंडाल तक सजावट में केशरिया और नीले रंग के कपड़ों का ही प्रयोग हुआ, ताकि समारोह में पार्टी की छाप साफ नजर आए।
केंद्र व प्रदेश की सत्ता में भाजपा की प्रमुख सहयोगी अपना दल-एस के टिकट पर राधिका पटेल इस बार जिला पंचायत की अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। कुल 31 सदस्यों वाले सदन की वह अगुवाई करेंगी। इसके लिए 12 जुलाई को उनका शपथ ग्रहण कराया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि अपना दल कोटे से विधायक व राज्य मंत्री जय कुमार सिंह जैकी होंगे। इसके अलावा अपना दल एस से सांसद पकौड़ी लाल कोल, राज्यसभा सांसद रामशकल, पूर्व एमएलसी श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह, सदर विधायक भूपेश चौबे, दुद्धी विधायक हरिराम चेरो, ओबरा विधायक संजीव सिंह गोंड़, घोरावल विधायक अनिल मौर्य बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। समारोह जिला पंचायत परिसर में ही होगी। यहां भव्य पंडाल बनाया गया। ऊपर केशरिया और नीचे नीले रंग के कपड़ों से बने पंडाल को देख अपना दल की छाप साफ दिख रही है। अपर मुख्य अधिकारी संतोष त्रिपाठी का कहना है कि सुबह 11 बजे से शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसके बाद अपराह्न दो बजे से जिला पंचायत की पहली बैठक होगी। इस बैठक में ही नियोजन, निर्माण, जल प्रबंधन, प्रशासन सहित कुल छह समितियों का गठन किया जाएगा। इसकी सारी तैयारी पूरी कर ली गई है।
पटवध क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। सड़क, शुद्ध पेयजल, बिजली जैसी जरूरतें भी पूरी नहीं हो सकी हैं। यह मुद्दे ही मेरी प्राथमिकता में रहेंगे, ताकि दशकों से मूल सुविधाओं से वंचित इस क्षेत्र के लोगों का जीवन स्तर सुधर सके। बिजली गिरने से होने वाली मौतों को रोकने के लिए ताड़ चालक यंत्र लगवाने का मुद्दा भी रखूंगा। - सुनील सिंह गोंड़, जिला पंचायत सदस्य पटवध।
हमारा क्षेत्र आदिवासी वनवासी गिरीवासियों का है। यहां निवास करने वाले ग्रामीण अभी तक शुद्ध पानी भी नहीं पा सके हैं। तमाम टोलों तक बिजली, पानी, सड़क की सुविधा नहीं पहुंची है। मेरा सबसे पहला काम यही रहेगा कि क्षेत्रवासियों को मूल सुविधाएं मुहैया करा सकूं। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष स्व देवेंद्र शास्त्री जी के सपनों को पूरा कर सकूं। - उत्तरा त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य जुगैल।
मेरी प्राथमिकता महिला सशक्तिकरण की होगी। महिलाओं को शिक्षा से जोड़ने, अंधविश्वास से बाहर निकालने और रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करुंगी। इसके लिए जिला पंचायत के माध्यम से ऐसी कार्ययोजना बनवाने का भी प्रयास करुंगी। अति पिछड़े क्षेत्र में बुनियादी जरुरतों पर भी ध्यान रहेगा। - सुषमा सिंह, जिला पंचायत सदस्य म्योरपुर।