चोपन-चुनार रेलखंड के दोहरीकरण कार्य के साथ चुर्क और अगोरी खास रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की कवायद तेज हो गई है। चुर्क स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज (एफओबी) और दूसरे प्लेटफार्म का निर्माण होना है। वहीं अगोरी खास रेलवे स्टेशन पर एफओबी के साथ दोनों तरफ डबल लाइन के अनुरूप प्लेटफार्म का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए कार्यदायी संस्था झांझरिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सर्वे पूरा कर प्रस्ताव रेलवे को भेज दिया गया है। अब रेलवे की स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ होगा।
रेलखंड के दोहरीकरण के दौरान स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को भी बेहतर करने की योजना है। चुर्क रेलवे स्टेशन पर वर्तमान व्यवस्था के अलावा दूसरे नंबर के प्लेटफार्म के निर्माण से यात्रियों को ट्रेनों के आवागमन के दौरान सुविधा मिलेगी। वहीं प्लेटफाॅर्म तक सुरक्षित पहुंचने के लिए फुटओवरब्रिज का निर्माण किया जाना है। अगोरी खास रेलवे स्टेशन पर भी दोहरीकरण को देखते हुए दोनों तरफ प्लेटफाॅर्म बनाए जाने हैं। फुटओवरब्रिज का निर्माण प्रस्तावित है। निर्माण कार्य के लिए संबंधित एजेंसी की ओर से सर्वे पूरा कर प्रस्ताव रेलवे को भेज दिया गया है। अब रेलवे स्तर से प्रस्ताव की तकनीकी जांच और अंतिम स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी होनी है। कार्यदायी संस्था के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर रेलवे प्लेटफाॅर्म व निर्माण सुधीर गुप्ता ने बताया कि चुर्क और अगोरी खास रेलवे स्टेशन पर प्लेटफाॅर्म और फुट ओवरब्रिज के निर्माण के लिए सर्वे का काम पूरा हो चुका है और प्रस्ताव रेलवे को भेज दिया गया है। रेलवे की ओर से अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। दोहरीकरण परियोजना के तहत ट्रैक के साथ स्टेशनों के विकास और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।