कोतवाली क्षेत्र के बिडर गांव में सोमवार की शाम ट्रक की चपेट में आने से गणेश (5) की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। बिडर गांव में खड़े ट्रक को चालक पीछे करने लगा। उसी दौरान अमर पटेल का पुत्र गणेश दौड़ गया। चालक की उस पर नजर नहीं पड़ी। मासूम ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। शोर सुनकर जब चालक ने ट्रक को खड़ा किया तब तक मासूम की हालत गंभीर हो चुकी थी। उसे सीएचसी दुद्धी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद मासूम को लाया गया था, मगर जिसकी मौत हो गई थी। मेमो के जरिये कोतवाली पुलिस को सूचित कर दिया गया है।
सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली में ट्रेलर का टायर ब्लास्ट होने से चालक अनिल साहू (32) की मौत हो गई। घटना में बगल में खड़े दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा बरगवां थाना क्षेत्र बाड़ी झरिया क्षेत्र में रविवार की देर रात हुआ।
सिंगरौली से कोयला लोड कर ट्रेलर जा रहा था। इसी दौरान उसका एक टायर पंचर हो गया। चालक वाहन रोककर टायर खोलने लगा इसी दौरान दूसरा टायर तेज आवाज के साथ ब्लास्ट कर गया। इसकी चपेट में आने से बैढ़न के पचौर निवासी अनिल साहू (32) की मौके पर मौत हो गई। घटना के दौरान पास में खड़े दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बैढ़न पहुंचवाया, चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।