पिछले तीन दिनों से अनशन पर बैठे लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने कोई सुनवाई न होने पर गुरुवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर तालाबंदी की।
इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी भी की। चेताया कि मांग पूरी होने पर ही ताला खोला जाएगा। अनशन पर बैठे कर्मी के स्वास्थ्य परीक्षण को भी कोई डाक्टर नहीं पहुंचा।
गौरतलब है कि पीडब्ल्यूडी के कई कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले तीन दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश फेडरेशन आफ मिनिस्टीरियल सर्विस एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कुंवर शैलेंद्र सिंह बेमियादी अनशन पर बैठे हैं
जबकि दो अन्य कर्मचारी अपनी अलग मांग को लेकर धरने पर हैं। गुरुवार को अनशनकारी की हालत बिगड़ने और अधिकारियों द्वारा अब तक मांगों की सुनवाई न करने के विरोध में कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर तालाबंदी की और विरोध-प्रदर्शन किया।
अनशन पर बैठे कर्मी का स्वास्थ्य परीक्षण करने के लिए भी कोई डाक्टर मौके पर नहीं पहुंचा। इसे लेकर कर्मचारियों में असंतोष है।
उधर, अपनी एक सूत्री मांग को लेकर धरने पर बैठे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश ने भी शुक्रवार से बेमियादी अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है। कर्मचारियों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है।