थाना क्षेत्र के बैगबैसा रेलवे पटरी किनारे बकरी चरा रही महिला की मौत घटना की जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : SONBHADRA
बैगबैसा रेलवे पटरी किनारे बकरी चरा रही महिला की खाईं में गिरने से मौत हो गई। अचानक ट्रेन की आवाज सुनकर महिला घबरा गई और खाई में गिर गई। इस घटना में 14 बकरियों की भी खाई में गिरने से मौत हो गई।
पनारी ग्राम पंचायत के बगबैसा में शुक्रवार की दोपहर सुरेश यादव की पत्नी पूर्णमासी (56) रेलवे लाइन के किनारे बकरी चरा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक तेज रफ्तार में ट्रेन पटरी पर आ गई। ट्रेन की आवाज सुनकर महिला और बकरियां नीचे खाई में गिर गईं। हादसे में पूर्णमासी की मौके पर ही मौत हो गई। 14 बकरियों ने भी दम तोड़ दिया। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची चोपन पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।