पुलिस लाइन चुर्क के गोपनीय कार्यालय में तैनात दरोगा की शनिवार की रात तबीयत बिगड़ने पर मौत हो गई। वह गाजीपुर जिले के निवासी थे और पिछले चार वर्ष से यहां तैनात थे। एसपी सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। सलामी देकर अंतिम विदाई दी।
गाजीपुर जिले की मुहम्मदाबाद कोतवाली के चंदनी गांव निवासी छोटक राम (58) यूपी पुलिस में एसआई थे। वह यहां पिछले चार वर्ष से तैनात थे। गोपनीय कार्यालय में उनकी ड्यूटी थी। शनिवार की रात करीब दस बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उच्चाधिकारियों को सूचना देते हुए सहकर्मी तत्काल उन्हें जिला अस्पताल लोढ़ी लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उन्हें बीएचयू रेफर कर दिया। हालांकि कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। रविवार को पुलिस चौकी लोढ़ी के प्रभारी विनय सिंह ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस लाइन चुर्क लेकर पहुंचे। दिवंगत एसआई को डीआईजी/एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, एएसपी मुख्यालय विनोद कुमार, एएसपी ऑपरेशन विजय शंकर मिश्रा, सीओ राजकुमार त्रिपाठी, आशीष मिश्रा, राहुल, प्रतिसार निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।