सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के खचार गांव में मछली मारने की बात को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठियां चटकीं। आधे घंटे तक चली मारपीट में दो के सिर फट गए। दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मंजीत निवासी खचार ने तहरीर में बताया है कि घटना रविवार दोपहर की है। संदीप, उनके पुत्र प्रदीप, गुड़िया, मुनिया आए और अचानक मारपीट करने लगे। लाठी-डंडे से पिटाई करने के साथ ही उसका सिर फोड़ दिया गया। बचाव करने आई उसकी मां को भी पीटकर घायल कर दिया। दूसरे पक्ष से संदीप निवासी खचार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि दोपहर साढ़े 12 बजे के करीब रंजीत, सगे भाई बबुंदर, राममूरत और विजय मछली मारने की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे। एतराज पर लाठी डंडा से मारे पीटे, जिससे उसका सिर फट गया। बीच-बचाव के लिए पहुंची बहन गुड़िया, पत्नी काजल और मां विद्यावती की भी पिटाई की। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।