घोरावल। पशु तस्करी के मामले में कई थानों में वांछित अपराधियों को गांजा तस्करी करते पकड़ा गया है। पुलिस ने सोमवार को कोतवाली क्षेत्र के गुरुवल इलाके में शिल्पी रोड स्थित पड़वनिया मोड़ के पास दो तस्करों को 10 किलो 290 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने तस्करी के नेटवर्क के बारे में कई जानकारियां दी हैं। आरोपियों का चालान करने के साथ ही पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि वह क्षेत्र भ्रमण पर थे। उसी दौरान उन्हें दो युवक पड़वनिया मोड़ के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े मिले। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम विकास उर्फ रीशु यादव निवासी सतौहा नकवई और जिआउलद्दीन निवासी खुटहनिया थाना घोरावल बताया। उनके पास मौजूद बैग की तलाशी ली गई तो कुल 10 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद हुआ। दोनों का अच्छा-खासा आपराधिक इतिहास पाया गया है। विकास के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज, घोरावल, रायपुर थाने में गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के पांच मामले दर्ज है। वहीं जिआउलद्दीन के खिलाफ कर्मा और रायपुर थाने में गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट आदि के कुल छह एफआईआर दर्ज पाए गए हैं।