सोनभद्र में उपनिबंधन कार्यालय विभाग के कर्मचारियों की सांठ गांठ से बैनामे की रजिस्ट्री में लाखों की चोरी कर सरकार को चपत लगाई जा रही है। अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह की जांच में करीब दस लाख का स्टांप चोरी का मामला पकड़ा गया है। स्टांप चोरी करने वालों के खिलाफ वाद दर्ज कर वसूली की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
रजिस्ट्री कार्यालय में बैनामे की रजिस्ट्री में स्टांप चोरी का अवैध कारोबार चरम पर है। इस खेल में कई कर्मी शामिल हैं। हालांकि स्टांप की चोरी करने वालों को चिह्नित कर वसूली की कार्रवाई शुरू कर दी गई है । एडीएम की ओर से इसकी जांच कराई जा रही है। अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि मिर्जापुर के रहने वाले रविंद्र ने पापी में करीब छह बीघे जमीन क्रय किया है। उन्होंने कुछ तथ्यों को छिपा कर करीब दस लाख 55 हजार के स्टांप चोरी की है। इसी तरह से जमीन क्रय करने में राबर्ट्सगंज निवासी वंदना ने 18310, संजय कुमार ने 19190, हिनौती निवासी उर्मिला ने 21500, गेंगुआर निवासी अविनाश ने 25500, राबर्टसंगज निवासी मंगल केशरी ने छह हजार की स्टांप चोरी की है। उन्होंने बताया कि सभी के खिलाफ भारतीय दंड अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर वसूली की जा रही है।