चुर्क पुलिस लाइन में पत्रकारो से वार्ता करते नवागत एसपी अमरेंद्र प्रताप सिंह।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले के 36वें एसपी के रूप में अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बृहस्पतिवार को कार्यभार ग्रहण किया। पुलिस लाइन चुर्क के प्रशासनिक सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में नवागत एसपी ने कहा कि कानून का सम्मान सबको करना होगा। हेरोइन, गांजा समेत अन्य मादक पदार्थों की बिक्री करने वाले सलाखों के पीछे भेजे जाएंगे। पीड़ितों को न्याय दिलाना प्राथमिकता होगी।
वर्ष 2010 बैच के आईपीएस अमरेंद्र प्रसाद सिंह बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर गुरमिया गांव के रहने वाले हैं। अमरेंद्र प्रसाद सिंह की प्रारंभिक शिक्षा गांव से ही शुरू हुई। बिहार विश्वविद्यालय मुजफ्फरपुर से एमए करने के बाद पहले सीआईएसएफ में सहायक कमांडेंट की नौकरी से अपने करियर की शुरुआत की थी। उनकी बेहतरीन सेवा को देखते हुए राष्ट्रपति पुलिस पदक भी दिया गया है। एसपी के रूप में जालौन में करीब 14 माह एवं कन्नौज में दो साल सेवा दे चुके हैं। इसके पूर्व वह सीओ के रूप में कुशीनगर, रायबरेली में वाराणसी तैनात रहे हैं। पीएसी की 34वीं और 36वीं बटालियन में उप कमांडेंट रह चुके हैं। एसपी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर लोगों को भयमुक्त वातावरण प्रदान करते हुए भ्रष्टाचार पर रोक लगाया जाएगा। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए जरूरी पहल जाएगी।
नवागत एसपी ने किया जिला कारागार का निरीक्षण
नवगत एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बृहस्पतिवार को गुर्मा स्थित जिला कारगार का निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों की व्यवस्था जानी। मुलाकातियों के आवाजाही और उनकी बंदियों से होने वाली मुलाकात पर सतर्क नजर बनाए रखने का निर्देश दिया। बंदियों को मिलने वाले भेजन एवं अन्य सुविधाओं के बारे में भी जानकरी ली। जेल प्रशासन की तरफ से आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर दो सौ बंदियों को कंबल सहित अन्य सामग्री दी। कैदियों को समय-समय पर मास्क, सैनिटाइजर उपलब्ध कराते रहने को कहा। विशिष्ट अतिथि योगेंद्र बहादुर सिंह ने कोरोना से बचाव के लिए जानकारी दी।