डीजल लदे टैंकर और ट्रक में जोरदार भिड़ंत
- फोटो : अमर उजाला
सोनभद्र में मुर्धवा-हाथीनाला मार्ग (रांची-रीवा नेशनल हाइवे) पर पिपरी थानांतर्गत खाड़पाथर के पास बुधवार की सुबह में डीजल लदे टैंकर और राख लदी ट्रक में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में घायल टैंकर ड्राइवर विजय बहादुर यादव (35) निवासी गाजीपुर और उस पर सवार एक अन्य युवक अशोक पनिका (22) पुत्र स्व दीक्षित पनिका निवासी म्योरपुर की मौत हो गई।
सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना में दोनों वाहन बुरी तरह जल गए हैं।
मुगलसराय डिपो से डीजल लेकर टैंकर शक्तिनगर की ओर जा रहा था। सुबह में करीब चार बजे खाड़पाथर के पास विपरीत दिशा से आ रही राखड़ (फ्लाई ऐश) लदे ट्रक से टक्कर हो गई। जोरदार टक्कर के बाद टैंकर में आग लग गई। कुछ ही देर में ट्रक भी इसकी जद में आ गया। देखते ही देखते दोनों वाहन धू-धूकर जलने लगे। सूचना मिलते ही पिपरी और हाथीनाला थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड की मदद से घंटों प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक दोनों वाहन बुरी तरह जल गए थे। घटना से मुख्य मार्ग पर आवागमन बंद रहा। हाइवे पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।