सीएमओ के मुताबिक, अब तक 41912 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 39667 लोगों की जांच रिपोर्ट आई है। जिसमें कुल 1197 पाजिटिव और 38470 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अन्य 2245 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक पाजिटिव मिले मरीजों में से 965 स्वस्थ हो चुके हैं। जिसमें से 19 मरीज इलाज के बाद शुक्रवार को स्वस्थ हुए।
दुद्धी तहसील परिसर में स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय के एक कर्मचारी को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद कार्यालय पूरी तरह से बंद हो गया है। जिसके चलते तहसील क्षेत्र के होने वाले रजिस्ट्री बैनामा आदि का कार्य पूरी तरह से बंद हो गया है। उपजिलाधिकारी सुशील कुमार यादव ने बताया कि कार्यालय 48 घंटे बंद रहेंगे। उसके बाद ही विचार के बाद कार्यालय खोले जा सकते हैं।
संक्रमित मिले मरीजों के आवास व आसपास के इलाकों को सील किए जाने के साथ ही सैनिटाइज कराने का कार्य भी शुरू करा दिया गया। एसडीएम केएस पांडेय के अनुसार संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील करा दिया गया है। कंटेनमेंट जोन को सैनिटाइज कराया जा रहा है। लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।