सोनभद्र। प्रयागराज में महाकुंभ को लेकर जिले में भी तैयारी जोरों पर है। चार पड़ोसी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं पर पुलिस पैनी नजर रहेगी। यूपी की सीमा में प्रवेश पर ही उनके वाहनों की सघन तलाशी ली जाएगी। इसके बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति मिलेगी।
इसके मद्देनजर जिले के सीमावर्ती थानों में बैरियर लगाए जा रहे हैं। निगरानी के लिए कैमरे भी लगेंगे। हर शाही स्नान के तीन दिन पहले से अतिरिक्त सतर्कता बढ़ाई जाएगी। महाकुंभ में शामिल होने के लिए देश-दुनिया के कोने-कोने से श्रद्धालु पहुंचेंगे। झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से सड़क मार्ग से प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालु सोनभद्र के रास्ते ही यूपी में प्रवेश करेंगे। दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ का लाभ पाकर संदिग्धों या अराजक तत्वों को मेले तक पहुंचने से रोकने के लिए सीमा पर ही विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए जिले से लगती चार पड़ोसी राज्यों की सीमाओं पर बैरियर लगाकर जांच कराई जाएगी। झारखंड सीमा पर स्थित विंढमगंज के अलावा छत्तीसगढ़ सीमा के बभनी, मप्र की सीमा पर शक्तिनगर, अनपरा और बिहार की सीमा पर मांची, रायपुर थानों को चौकन्ना किया गया है।
महाकुंभ के हर शाही स्नान से तीन दिन पहले ही बाॅर्डर पर विशेष चेकिंग शुरू हो जाएगी। यूपी सीमा में प्रवेश पाने से पहले वाहनों और यात्रियों की कैमरे की निगरानी जांच होगी। इसके बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जाएगा। वहीं बार्डर इलाकों में चिह्नित स्थानों पर कैमरा भी लगाया जा रहा है। संवाद