सोनभद्र में डाला चढ़ाई से उतरते वक्त सोमवार की भोर में बालू लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़ी टीपर व कार को धक्का मारते हूए एक मकान में घुस गया। संयोग रहा कि ट्रक की चपेट में कोई नहीं आया, वरना बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता था।
रविवार की रात रामचंद्र पुत्र हरिहर यादव अपने मकान के सामने कार खड़ी कर सोने चले गए। सोमवार की भोर करीब चार बजे तेलगुड़वा की तरफ से बालू लोड कर चोपन की तरफ जा रहा एक ट्रक डाला में चढ़ाई उतरते वक्त बेकाबू हो गया। अनियंत्रित ट्रक रामचंद्र की कार और वहीं खड़ी एक टीपर को धक्का मारते हुए मकान में घुस गया। संयोग रहा कि मकान मालिक सपरिवार अंदर वाले कमरे में सो रहे थे। इस नाते सभी लोग सुरक्षित बच गए। सुचना पर चौकी प्रभारी मनोज ठाकुर ने घटनास्थल पर पहुंच कर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को मय चालक कब्जे में ले लिया। चौकी इंचार्ज ने कहा कि क्षतिग्रस्त वाहनों के स्वामी जो तहरीर देंगे, उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।