अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बीजपुर थाने का सोमवार को औचक निरीक्षण किया। एएसपी ने शस्त्रागार, कार्यालय , बंदी गृह , कंम्यूटर कक्ष, मेस, बैरक, महिला हेल्पडेस्क, ड्यूटी रजिस्टर, महिला शक्ति मिशन आदि का निरीक्षण कर किया। अपराधियों पर पैनी नजर रखते हुए कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने पुलिस कर्मियों से बिजली, पानी, जनरेटर आदि के बारे में जानकारी ली। कहा कि गांवों की अलग अलग पंचायत भवनों में सप्ताह में दो बार जाकर महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ ही घरेलू उत्पीड़न आदि समस्याओं का निदान करें। हिस्ट्रीशीटरों को महीने में दो बार थाने बुला कर रजिस्टर में हस्ताक्षर कराए और उन पर निगरानी रखें।
थाना परिसर को साफ व स्वच्छ रखने एवं कार्यालय के अभिलेखों अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर आदि अभिलेखों को बेहतर व व्यवस्थित रखरखाव हेतु प्रभारी निरीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त थाना क्षेत्र के वांछित अभियुक्तों, वारंटियों की गिरफ्तारी, अवैध शराब, मादक पदार्थों व क्षेत्र में हो रही चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निर्देशित किया। थाना प्रभारी भैया शिवप्रसाद सिंह आदि मौजूद रहे।