सोनभद्र के शाहगंज क्षेत्र स्थित छपका 132 केवीए सब स्टेशन से शाहगंज विद्युत उपकेंद्र को जाने वाली मेन लाइन मेें रविवार को खराबी आने से दो सौ से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बारिश में शाहगंज उपकेंद्र से जुड़े हजारों उपभोक्ताओं को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ीं। दूसरे दिन सोमवार को बिजली कर्मियों ने फाल्ट ठीक कर 20 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल करने में सफल रहे।
रविवार की दोपहर करीब दो बजे शाहगंज सब स्टेशन से जुड़े ऊंचडीह फीडर, परासी फीडर, खजुरी, बरवा, अरंगी, पेटराही और गौरीशंकर फीडर के तहत आने वाले दो सौ से अधिक गांवों में आपूर्ति ठप हो गई। शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो उपभोक्ता बिजली कर्मियों का फोन घनघनाने लगे। ग्रामीणों के अनुसार बिजली विभाग की लापरवाही के चलते शाहगंज सब स्टेशन से जुडे़ आधा दर्जन फीडर पर बीस घंटे से अधिक समय तक आपूर्ति बाधित रही। इससे रविवार की रात उपभोक्ताओं को अंधेरे में गुजारना पड़ा।
ग्रामीण इलाकों में केरोसिन वितरण बंद होने से उपभोक्ताओं को सर्वाधिक परेशानी झेलनी पड़ी। विभागीय कर्मचारियों के मुताबिक छपका स्थित 132 लाख केवीए उपकेंद्र से शाहगंज उपकेंद्र को जाने वाली लाइन में फाल्ट आ गया था। तकनीकी फाल्ट आने से शाहगंज उपकेंद्र की आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्र के दो सौ से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सोमवार को सुबह कर्मचारी फिर तकनीकी फाल्ट खोजने में जुट गए। पूर्वाह्न करीब 11 बजे के बाद फाल्ट ठीक किया जा सका। इसके बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी तब जाकर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।