सोनभद्र। ठंड से कंपकंपा रहे जिले के लिए मंगलवार का दिन राहत भरा रहा। इस दिन मंगलवार की अलसुबह पांच बजे और दोपहर साढ़े बारह बजे हुई बूंदाबांदी ने जहां किसानों की धड़कन बढ़ा दी। मौसम के बदलाव के चलते जहां न्यूनतम पारा सोमवार के मुकाबले 6.2 से बढ़कर 10.2 पर पहुंच गया। वहीं अधिकतम पारा भी 21.2 से बढ़कर 24.4 रिकार्ड हुआ।
सोमवार तक सर्द हवाओं से बेहाल जिले के लिए मंगलवार की सुबह मौसम बदला-बदला सा था। अल सुबह पांच बजे बूंदाबांदी के साथ ही मौसम में ठंड काफी हद तक गायब मिली। पूरे दिन लोग बढ़े तापमान से राहत महसूस करते रहे। हालांकि शाम ढलने के बाद ठंड ने एक बार फिर से तेवर दिखाने शुरू कर दिए। उधर, आसमान में दिन भर बादल छाए रहने से किसानों की धुकपुकी बढ़ी रही। हल्की बूंदाबांदी को किसानों के लिए फायदेमंद बताया गया लेकिन कहीं मजे की बारिश न हो जाए, इसको लेकर किसानों की बेचैनी बढ़ी रही। बता दें कि जनवरी में तीसरी बार मौसम में बदलाव देखने को मिला है। पूर्व की दोनों बारिश किसानों को खासा नुकसान पहुंचाने वाली रही हैं। उधर, मौसम वैज्ञानिक विनीत कुमार ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में अचानक बदलाव आया है। बुधवार को भी मौसम इसी तरह बना रह सकता है। बादल छंटने के बाद ठंड में तेजी से बढ़ोत्तरी देखने को मिल सकती है। वहीं जिला कृषि अधिकारी पीयूष राय का कहना था कि हल्की बूंदाबांदी फसलों के लिए फायदेमंद है। ज्यादा बारिश होने पर नुकसान की स्थिति बन सकती है।