सोनभद्र जिले के शक्तिनगर के खड़िया गांव स्थित नाई टोले में बारिश के पानी संग फिसला ओबी (ओवरबर्डन) रविवार को कई घरों में घुस गया। कई लोगों के खेतों में भी ओबी का मलबा घुस गया है। ग्रामीणों ने घटना को एनसीएल की लापरवाही बताते हुए विरोध किया लेकिन शाम तक कोई भी अधिकारी स्थिति जानने नहीं पहुंचा। इससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
एनसीएल खड़िया कोयला क्षेत्र के ओवर बर्डेन (ओबी/अधिभार) डंप के नीचे नाई बस्ती आबाद है। यह पुनर्वास क्षेत्र रेलवे की ओर से दिए गए प्लाटों में बसाया गया है। ग्रामीण ओबी को लेकर कई बार चिंता जाहिर कर चुके हैं, लेकिन संबंधितों ने गंभीर प्रयास नहीं किया। रविवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश के दौरान ओबी का मलबा बरसाती पानी संग फिसलना शुरू हुआ तो रहवासी क्षेत्र का बड़ा हिस्सा चपेट में आ गया। प्रभावित लोग फरियाद लेकर ग्राम प्रधान विजय गुप्ता के यहां पहुंचे और बताया कि बस्ती के नजदीक वार्फवाल निर्माण के वजह से जलनिकासी का रास्ता अवरुद्ध हो गया है और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। प्रधान विजय गुप्ता ने कोल प्रबंधन को समस्या से अवगत कराया गया और जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।