म्योरपुर क्षेत्र में सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र जिले में दो जगहों पर हुए हादसे में नौ लोग घायल हो गए। म्योरपुर के देवरी गांव के समीप बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर रोडवेज और पिकअप में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दो की हालत गंभीर है। वहीं छह सवारों को हल्की चोट आई।
पुलिस के मुताबिक, पिकअप चालक म्योरपुर मंडी से वापस आसनडीह जा रहा था। देवरी गांव में बीजपुर की ओर से आ रही रोडवेज व पिकअप में टक्कर हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गया। पुलिस ने घायल पिकअप चालक रामदेव (30) पुत्र शिवसरन निवासी आसनडीह व रोडवेज सवार महिला धनवंती देवी (64) पत्नी रंजीत पनिका निवासी पुनर्वास बीजपुर को सीएचसी म्योरपुर में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक डॉ. दिनेश चतुर्वेदी ने रामदेव को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। वहीं बस सवार छह अन्य लोगों को भी हल्की चोट आई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। घटना के बाद मौके पर जाम की स्थिति रही।
उधर, घोरावल कोतवाली क्षेत्र के भगाही गांव में बुधवार देर रात सड़क में बने गड्ढे में गिरकर बाइक सवार भरौली निवासी महेश विश्वकर्मा (35) पुत्र फूलचंद्र विश्वकर्मा घायल हो गए।
घायल युवक ने तोड़ा दम
म्योरपुर थाना क्षेत्र स्थित हवाई पट्टी की चहारदीवारी से टकराकर गंभीर रूप से घायल भगवानदास (22) पुत्र कन्हई ने बृहस्पतिवार को दम तोड़ दिया। उनका उपचार ट्रामा सेंटर वाराणसी में चल रहा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव घरवालों को सुपुर्द कर दिया।