सोनभद्र। जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट में एडीएम को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि अयोध्या में भूमि खरीद में गड़बड़ी की गई है। राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन में मामले की जांच सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश से कराने की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामराज सिंह गोड़ ने कहा कि भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए भूमि की खरीद में गड़बड़ी लोगों की श्रद्धा के साथ खिलवाड़ है। विभिन्न सामाजिक वर्गों की ओर से दिए गए चंदे का व्यक्तिगत लाभ के लिए इस्तेमाल किए जाने के जो आरोप लग रहे हैं उसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने खरीद मामले की परत-दर-परत जांच की मांग उठाई। जिला उपाध्यक्ष जगदीश मिश्रा व युवक कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि पूरे मामले की जांच उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश से कराई जानी चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालों में गोपाल स्वरूप पाठक, सेवादल अध्यक्ष कौशलेश पाठक, श्रीकांत मिश्रा, सोशल मीडिया यूथ कांग्रेस कोआर्डिनेटर सूरज वर्मा, मृदुल मिश्रा आदि शामिल रहे।