Sonbhadra News : जिले के पटवध मोड़ के पास दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही माैके पर रायपुर थाने की पुलिस भी पहुंच गई। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद गंभीर रूप से घायल दंपती को सीएचसी पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके पति की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सोनभद्र के रायपुर थाना क्षेत्र के पटवध मोड़ के पास बीती रात दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्राॅली में भिड़ गई। दंपती एक तिलकोत्सव समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। उनके दो बच्चे हैं। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के छोढ़ा ग्राम पंचायत के खोखवा गांव निवासी विमलेश (28) अपनी पत्नी प्रमिला (25) के साथ रविवार को रायपुर थाना क्षेत्र के नगांव गांव गया था। वहां एक रिश्तेदार के घर आयोजित तिलकोत्सव समारोह में शामिल होने के बाद दोनों देर रात बाइक से घर लौट रहे थे।
विज्ञापन
पटवध मोड़ के पास सड़क किनारे ट्रैक्टर ट्राॅली खड़ी थी। अंधेरे के चलते बाइक सवार दंपती ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से भिड़ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर आए।
उन्होंने एंबुलेंस की मदद से घायल दंपती को वैनी सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्रमिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विमलेश की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान विमलेश की भी मौत हो गई। घटना की खबर पाकर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। रो-रोकर उनका बुरा हाल था। विमलेश और प्रमिला को दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा चार साल का जबकि बेटी दो साल की है।
रायपुर एसओ ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लिया गया है। परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई कीजाएगी।