सोनभद्र के कॉलेजों में दाखिले की अंतिम तिथि में सिर्फ दो दिन और बचे हैं, मगर ज्यादातर कॉलेजों में प्रवेश की प्रक्रिया एक चौथाई भी पूरी नहीं हो पाई है। कहीं सर्वर की गड़बड़ी से बाधा आ रही है तो कहीं 12वीं के अंकपत्र में देरी वजह बन रही है। दाखिला न होने से छात्र-छात्राओं की चिंता बढ़ती जा रही है।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ प्रशासन ने सभी संबद्ध कॉलेजों में स्नातक का दाखिला 25 सितंबर तक पूरा करने का आदेश दिया है। इसके तहत जिले के सभी कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। ज्यादातर कॉलेजों में दाखिला मेरिट से ही होना है। दुद्धी और ओबरा राजकीय पीजी कॉलेज में मेरिट सूची जारी कर प्रवेश लिए जा रहे हैं। विवि के सर्वर की धीमी गति से छात्र-छात्राओं को फीस जमा करने व अन्य ब्योरा दर्ज करने में परेशानी आ रही है। 12वीं का मूल अंक पत्र न आने से भी प्रवेश में बाधा आ रही है। प्रवेश प्रक्रिया की सुस्ती का आलम है कि राजकीय महिला पीजी कॉलेज राबर्ट्सगंज में 420 सीटों के सापेक्ष अब तक 70 सीटों पर ही प्रवेश हो पाया है। प्रवेश सेल के प्रभारी डॉ. प्रभात पांडेय के मुताबिक ज्यादातर विद्यार्थियों को अब तक 12वीं का अंकपत्र नहीं मिल पाया है। इसलिए टीसी भी नहीं मिल रही है। 25 सितंबर की अंतिम तिथि को देखते हुए समय से प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है।
उधर, विंध्य कन्या पीजी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अंजली विक्रम सिंह ने बताया कि इंटरनेट पर जारी अंकपत्र की प्रति के आधार पर दाखिला लिया जा रहा है। सर्वर की गड़बड़ी से भी प्रवेश प्रक्रिया पर असर पड़ा है। विवि से तिथि वृद्धि के लिए अनुरोध किया गया है।