दुद्धी। दुद्धी को जिला बनाने समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर सोनांचल संघर्ष वाहिनी के तिरंगा पदयात्रा को दुद्धी में लोगों ने समर्थन दिया है। शनिवार को सिविल बार के अध्यक्ष रामलोचन तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी ने 18 फरवरी को निकलने वाली पदयात्रा में शामिल होने का निर्णय लिया।
वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र दुद्धी को जिला बनाने की मांग वर्षों से की जा रही है। विधानसभा चुनाव में भाजपा के शीर्ष नेताओं ने सरकार बनते ही दुद्धी को जिला बनवाने की घोषणा मंच से की थी। बावजूद आज तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया। सोनभद्र गठन के पूर्व मिर्जापुर जिला में दुद्धी, राबर्ट्सगंज, चुनार और मिर्जापुर चार तहसील होते थे। सोनभद्र का गठन होने पर राबर्ट्सगंज जिला बन गया, लेकिन दुद्धी अपनी अनदेखी पर आंसू बहा रहा है।
इस तहसील क्षेत्र में स्थापित दर्जनों कल-कारखानों से करोड़ों का राजस्व केंद्र व प्रदेश सरकार को जा रहा है, मगर क्षेत्र के विकास में उनका योगदान नहीं हो रहा। सोनांचल संघर्ष वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन लाल यादव ने कहा कि सोनांचल बचाओ तिरंगा पदयात्रा के माध्यम से सरकार तक पांच सूत्री मांग पहुंचाना है।