रेणुकूट। रेणुकूट पुलिस चौकी अंतर्गत मुर्धवा के हाईटेक मोड़ के तिराहे पर बाइक सवार मां बेटे को ट्रक ने रौंद कर घायल कर दिया । जिसमें बाइक सवार बेटे की मौत हो गई एवं मां को गंभीर अवस्था में हिंडाल्को अस्पताल में प्राथमिक उपचार के उपरांत वाराणसी रेफर कर दिया गया।ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड रेणुकूट में ट्रक पार्किंग में संचालित कैंटीन के स्वामी विशेश्वर यादव की पत्नी अपने बेटे 26 वर्षीय जमुना यादव के बाइक से इलाज कराने के लिए डॉक्टर के पास मुर्धवा गई थीं।
इलाज करवा कर वापस लौटते समय हाईटेक कार्बन के तिराहे पर ट्रक की चपेट में आ जाने से बाइक सवार जमुना यादव एवं उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के उपरांत तुरंत स्थानीय लोगों एवं रेणुकूट पुलिस के द्वारा दोनों घायलों को रेणुकूट के हिंडाल्को अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां 2 घंटे के उपचार के बाद डॉक्टरों ने जमुना यादव को मृत घोषित कर दिया एवं उनकी मां को गंभीर अवस्था में चोट लगने के कारण वाराणसी रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रोते बिलखते हिंडाल्को अस्पताल पहुंचे। ग्रासिम इंडस्ट्री लिमिटेड के मुख्य सुरक्षा अधिकारी धारा सिंह एवं जनसंपर्क अधिकारी विष्णुत्रिवेदी अस्पताल पहुंचकर परिवार जनों का ढांढस बंधाने में लगे रहे। उक्त घटना के बाद ग्रासिम इंडस्ट्री कॉलोनी परिसर में शोक का माहौल रहा।