म्योरपुर (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के म्योरपुर-लीलासी मार्ग पर जामपानी गांव में बारातियों से भरी टाटा मैजिक पलट जाने से उस पर सवार 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को म्योरपुर सीएचसी में भर्ती किया गया। जहां सभी का उपचार किया जा रहा है।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के म्योरपुर-लीलासी मार्ग पर जामपानी गांव में बारातियों से भरी टाटा मैजिक पलट जाने से उसमें सवार जय सिंह (30), मुनेश्वर (11), उपेंद्र (12), सुनील (25), राकेश (10), वंशलाल (14), लालमन (24), रामसिंह (14), मनोज कुमार (14) सभी निवासी नवाटोला तथा मुन्नालाल (10), राजेंद्र (14) , विजय (19), सर्वजीत (46) सभी निवासी जामपानी गंभीर रूप से घायल हो गए। बारात नवाटोला के राजू पुत्र स्वर्गीय रामलखन के घर से ढोलपाखन, नौडीहा गई हुई थी। रात में विवाह आदि की रस्म संपन्न होने के बाद बारात शनिवार की सुबह वापस आ रही थी। रास्ते में वाहन जामपानी गांव पहुंचा था कि चालक ने वाहन पर अपना नियंत्रण खो दिया और बेकाबू होकर सड़क के किनारे पलट गया। हादसे के वक्त मौके पर चीख-पुकार मच गई ।ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से सभी को उपचार के लिए म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया, जहां घायलों का उपचार चल रहा है।