सोनभद्र जिले के मेडिकल कॉलेज में अल्ट्रासाउंड की दो मशीन हैं लेकिन एक ही रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती से एक मशीन निष्क्रिय पड़ी है। वहीं इकलौते रेडियोलॉजिस्ट भी अवकाश पर हैं। ऐसे में अल्ट्रासाउंड के लिए मरीजों को भटकना पड़ रहा है।
महज एक मात्र रेडियोलॉजिस्ट के सहारे संचालित मेडिकल कॉलेज की अल्ट्रासाउंड सेवा पर फिलहाल ग्रहण की स्थिति बन गई है। संबंधित रेडियोलॉजिस्ट मां की गंभीर बीमारी के चलते सोमवार से 15 दिन के अवकाश पर चले गए। इसके चलते जहां अल्ट्रासाउंड कराने पहुंचे अधिकतर मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा। वहीं सीएमओ कार्यालय से अवकाश के समय तक मेडिकल कॉलेज भेजे गए रेडियोलॉजिस्ट के महज एक घंटे समय दिए जाने से महज छह से सात मरीजों को ही इसकी सुविधा मिल पाई। सामान्य मरीजों को कौन कहे, भर्ती मरीजों का भी अल्ट्रासाउंड न हो पाने से तीमारदारों में नाराजगी की स्थिति बनी रही।
विज्ञापन
गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज में अल्ट्रासाउंड की दो मशीन हैं लेकिन एक ही रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती से एक मशीन निष्क्रिय पड़ी है। रेडियोलॉजिस्ट की कमी के कारण वैसे ही 70 से 75 दिन की प्रतीक्षा सूची बनी हुई है। अब एक दिन में जिन 30 मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलती थी, उनके लिए भी दिक्कत की स्थिति बन गई है।
बताते हैं कि अल्ट्रासाउंड कराने वाले मरीजों में रोजाना 12 से 15 संख्या मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों की होती है। सोमवार को ऐसे एक-दो मरीजों को ही इसकी सुविधा मिल पाए। शेष मरीजों को अल्ट्रासाउंड कक्ष तक पहुंचने के बाद वार्ड के लिए वापस होना पड़ा। वहीं जिनके लिए इमरजेंसी थी, उनके लिए तीमारदारों को बाहर ले जाकर अल्ट्रासाउंड कराना पड़ा।
मरीजों के मुताबिक प्राचार्य के अनुरोध पर सीएमओ कार्यालय के जिस रेडियोलॉजिस्ट को मेडिकल कॉलेज भेजा गया, वह भी काफी कम समय दे पाए। इससे अधिकांश मरीजों को बगैर अल्ट्रासाउंड कराए ही लौटना पड़ा।