सोनभद्र/म्योरपुर। वन विभाग की टीम ने अंतरराज्यीय लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इमारती साखू की लकड़ी से भरे एक ट्रक को पकड़कर सीज कर दिया। कार्रवाई रेणुकूट उड़ाका दल ने की। यूकेलिप्टस की आड़ में साखू की लकड़ी को छत्तीसगढ़ से बिहार ले जाया जा रहा था। टीम ने चालक को भी हिरासत में लिया है। तस्करी की गिरोेह में शामिल अन्य की तलाश में जुट गई है।
उड़ाका दल प्रभारी एवं पिपरी रेंजर राघवेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि प्रयागराज के नंबर की एक ट्रक छत्तीसगढ़ से बिहार की ओर जा रही है। इस पर साखू की लकड़ी लदी है। टीम ने निगरानी बढ़ाते हुए ट्रक का पीछा करना शुरू किया। रनटोला के पास चालक ने टीम को चकमा देकर ट्रक भगाने की कोशिश की लेकिन वन विभाग की टीम ने सतर्कता और तत्परता दिखाते हुए पीछा जारी रखा। काफी मशक्कत के बाद रॉबर्ट्सगंज मंडी के पास ट्रक को रोक लिया गया और कब्जे में ले लिया गया। जांच के दौरान चालक पंचम सिंह लकड़ी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
ट्रक में ऊपर यूकेलिप्टस की लकड़ी थी जबकि नीचे साखू की इमारती लकड़ी रखी गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि एक फॉर्च्यूनर वाहन के जरिये ट्रक की रेकी कराई जा रही थी। इससे तस्करों के संगठित गिरोह होने की आशंका व्यक्त की गई। कार्रवाई के दौरान फॉर्च्यूनर सवार कुछ लोगों ने हस्तक्षेप की कोशिश भी की लेकिन वन विभाग की टीम ने सख्ती दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया। बाद में स्थानीय वन रेंज के सहयोग से लकड़ी से भरे ट्रक को सुरक्षित रूप से सोनभद्र वन प्रभाग को सुपुर्द कर दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में वन दरोगा रवि यादव, छोटेलाल, वनरक्षक शैलेंद्र यादव और हिमांशु मौर्य शामिल रहे। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान चलाया जाएगा।