सोनांचल में बिजली विभाग की तरफ से स्मार्ट विद्युत मीटर लगाने की कवायद जल्द शुरू की जाएगी। पहले चरण में जिले में 95 हजार स्मार्ट विद्युत मीटर लगाए जाएंगें। इसमें राबर्ट्सगंज विद्युत वितरण क्षेत्र में 75 हजार और पिपरी डिविजन में 20 हजार स्मार्ट लगाए जाने की योजना है। विभागीय सूत्रों की मानें तो जल्द इसकी शुरुआत होगी। स्मार्ट मीटर लगने से बिजली की चोरी रोकने में मदद मिलेगी।
जिले के विद्युत वितरण खंड राबर्ट्सगंज और पिपरी में तीन लाख चार हजार से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं। बिजली चोरी रोकने के लिए विभाग की तरफ से चेकिंग अभियान चलाए जाने के साथ ही तमाम उपाय किए जा रहे हैं। बावजूद बिजली चोरी रुकने का नाम नहीं ले रही है। चेकिंग अभियान के दौरान बाईपास तार खींचकर बिजली का उपभोग किए जाने का प्रकरण भी सामने आता रहता है। अभी जिले में उपभोक्ताओं के यहां साधारण विद्युत मीटर ही लगे हैं। हालांकि अब उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट विद्युत मीटर लगाने की कवायद चल रही है। विभागीय सूत्रों की मानें तो पहले चरण में जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज के साथ ही सभी निकायों में स्मार्ट विद्युत मीटर लगाए जाएंगे। राबर्ट्सगंज खंड में करीब 75 हजार और पिपरी खंड में 20 हजार स्मार्ट विद्युत मीटर लगाया जाएगा। स्मार्ट मीटर से बिजली के खंभे तक आर्मर्ड केबल खींचा जाएगा। इससे बाईपास तार खींचकर बिजली चोरी न किया जा सके। इसकी कवायद में विभागीय अधिकारी जुट गए हैं। जल्द ही स्मार्ट मीटर लगाने की कवायद शुरू हो सकती हैं।
क्या है स्मार्ट मीटर
स्मार्ट विद्युत मीटर पूरी तरह से कंट्रोल रूम से जुड़ा होगा। उपभोक्ता के घर का लोड और उसकी रियल टाइम खपत की जानकारी कंपनी को रहेगी। अगर कहीं लोड बढ़ता है या फिर घटता है, तो कंपनी इसकी जांच कर सकेगी। वहीं मीटरों में छेड़खानी कर होने वाली बिजली चोरी को भी रोका जा सकेगा।
जिले में स्मार्ट मीटर लगाए जाने की कवायद चल रही है। पहले चरण में जिला मुख्यालय सोनभद्र के साथ ही सभी निकायों में स्मार्ट मीटर लगाया जाएगा। राबर्ट्सगंज क्षेत्र के निकायों में 75 हजार और पिपरी क्षेत्र के निकायों में 20 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगें। आर्मर्ड केबल के साथ स्मार्ट मीटर लगने से बिजली चोरी रोकने में मदद मिलेगी। -इं. सुजीत गुप्ता, एक्सईएन-बिजली पिपरी खंड।